भारत में कोरोनावायरस पीड़ितों की संख्या में एक हफ्ते में दूसरा सबसे बड़ा इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 7466 नए केस सामने आए हैं, जो एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इसके अलावा 175 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही देश में अब कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 4706 हो गई है, जबकि 1 लाख 65 हजार 799 लोग संक्रमित हैं। इनमें कुल 89987 एक्टिव केस हैं।
दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा 827 नए केस सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 19 हजार 372 हो गई है। तीसरे नंबर पर 16 हजार से ज्यादा केसों के साथ दिल्ली है। राजधानी में पहली बार 24 घंटे में एक हजार से नए संक्रमित सामने आए, जबकि अब तक 316 की जान गई है। हालांकि, अगर तमिलनाडु और दूसरे राज्यों में मौत की तुलना की जाए, तो तमिलनाडु के हालात काफी बेहतर हैं। चौथे नंबर पर गुजरात की 960 और तीसरे नंबर पर दिल्ली की 316 मौतों के मुकाबले तमिलनाडु में 148 लोगों की ही जान गई है।
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 60 हजार के करीब है। वहीं, 24 घंटे में 85 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 1982 हो गई है। राज्य में पिछले दो हफ्तों से हर दिन दो हजार नए केस सामने आ रहे हैं।
फिलहाल भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 41 फीसदी यानी करीब 71 हजार 105 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही करीब 3100 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं।