Subscribe Us

दिल्ली कांग्रेस के चुनाव प्रभारी पीसी चाको ने अपने पद से इस्तीफा दिया

दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद पार्टी में घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस लगातार दूसरी बार दिल्ली में अपना खाता भी नहीं खोल पाई जिसके बाद दिल्ली कांग्रेस के चुनाव प्रभारी पीसी चाको ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इतना ही नहीं इस्तीफे के साथ चाको ने एक विवादित बयान भी दिया है। जिसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने चाको पर हमला बोला है। दरअसल, कांग्रेस नेता चाको ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पतन 2013 में शुरू हुआ जब शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थीं।



चाको ने कहा “एक नई पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) के उदय ने कांग्रेस के पूरे वोट बैंक को छीन लिया। हम इसे कभी वापस नहीं पा सके। यह अभी भी आप के साथ बना हुआ है।” पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा ने इसको लेकर चाको पर निशाना साधा और कहा कि चुनावी हार के लिए दिवंगत शीला दीक्षित को जिम्मेदार ठहराना दुर्भाग्यपूर्ण है। देवरा ने कहा, ‘‘शीला दीक्षित जी एक बेहतरीन राजनीतिज्ञ और प्रशासक थीं। मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान दिल्ली की तस्वीर बदली और कांग्रेस पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई। उनके निधन के बाद उनको जिम्मेदार ठहराना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अपना जीवन कांग्रेस और दिल्ली के लोगों के लिए सर्मिपत कर दिया।”