भोपाल। जून माह की शुरुआत में संभवतः पहली बार शहर में मानसून पूर्व की इस तरह का नजारा सामने आया। बुधवार शाम को रिमझिम फुहारों से शुरू हुआ बरसात का सिलसिला देर रात तेज बौछारों में बदल गया। रुक-रुक कर तेज बरसात का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। बुधवार शाम 5ः30 बजे से गुरुवार रात 8ः30 बजे 27 घंटे में शहर में 56.2 मिमी. वर्षा रिकार्ड हुई। उधर घने बादल बने रहने के कारण गुरुवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री पर थम कर रह गया,जो कि सामान्य से 17 डिग्री कम रहा।
साथ ही न्यूनतम तापमान 21.4 से मात्र 1.2 डिग्री ही अधिक रहा। निसर्ग तूफान के असर से बिगड़े मौसम के मिजाज के दौरान अधिकतम 44 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चली। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को भी बादल बने रहेंगे। साथ ही हल्की बौछारें भी पड़ सकती हैं।
अरब सागर से उठे तूफान निसर्ग का असर से बुधवार शाम से ही शहर भीगने लगा था। शाम ढलते ही तेज बौछारों ने शहर को तरबतर करना शुरू कर दिया। गुरुवार को दिन भर बरसात होती रही। तेज हवाएं चलने और घने बादल बने रहने से दिन का तापमान बुधवार के अधिकतम तापमान(32.8) के मुकाबले 10.2 डिग्री कम 22.6 डिग्री पर थम कर रह गया। मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि गुरुवार को दक्षिण मप्र पर सक्रिय तूफान प्रदेश के उत्तर-उत्तर-पूर्व की दिशा की तरफ बढ़ते हुए रात के समय कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। इसका असर शुक्रवार को भी दिखाई देगा। शहर में बादल छाए रहेंगे,तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही रुक-रुक कर बौछारें पड़ने की भी संभावना है।