Subscribe Us

कांग्रेस का आरोप कि भाजपा ने 10 विधायकों को बंधक बनाया

भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा पर लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों के बाद मध्यप्रदेश की सियासत गर्म है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने 10 विधायकों को बंधक बना लिया है। मंगलवार देर रात कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस के 6, बसपा के 2 (एक निलंबित) और एक निर्दलीय विधायक को हरियाणा के गुरुग्राम के आईटीसी मराठा होटल में बंधक बनाया। जिसके बाद भोपाल से मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली भेजा गया। दोनों मंत्री बसपा की निलंबित विधायक रामबाई के साथ होटल से बाहर आते दिखे लेकिम बाकि विधायक कहां से इसे लेकर संशय बना हुआ है।


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 विधायकों को बेंगलुरु भेजा गया है। जिन विधायकों के बेंगलुरु जाने की खबर हैं उसमें से कांग्रेस के एंदेल सिंह कंसाना, हरदीप सिंह डंग और बिसाहूलाल साहू के नाम हैं। वहीं, निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा और बसपा के विधायक लापता बताए जा रहे हैं। कांग्रेस के भीतर तोड़फोड़ का जिम्मा पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग और विधायक अरविंद भदौरिया पर है। यही कांग्रेस के भीतर से विधायकों को तोड़कर दिल्ली लाए हैं। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में आगे की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी क्रम में सुबह बंद कमरे में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ उनकी डेढ़ घंटे की मुलाकात हुई। उसके बाद वह भाजपा कार्यालय रवाना हो गए, जहां पर जेपी नड्डा से मुलाकात होगी। उसके बाद ही आगे की रणनीति पर काम होगा। कुल मिलाकर आज का दिन मध्यप्रदेश की सरकार के लिए महत्वपूर्ण होगा।


भाजपा पर आरोप 



बताया जा रहा है कि तीनों नेताओं को हरियाणा पुलिस ने अंदर जाने से रोक दिया था। दिग्विजय सिंह की तीखी बहस भी हुई। उन्होंने लगाया कि भाजपा ने विधायकों के साथ मारपीट भी की है। इसी बीच मंगलवार शाम पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह दिल्ली रवाना हुए हैं।